सारस एक्सप्रेस। गोंदिया
जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत डुग्गीपार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जाल बिछाकर एक शातिर अपराधी को लाखों के माल सहित धर दबोच लिया है। लेकिन इस कार्रवाई में एक आरोपी फरार होने में कामयाब हो गया है। जिस आरोपी को गिरफ्तार किया गया है वह आरोपी वेस्ट बंगाल के जिला दिनाजपुर के शाहजपुर निवासी रासल दिलवार शेख (22) बताया गया है। पुलिस ने उपरोक्त आरोपी को भंडारा जिले के लाखनी पुलिस थाने को सौंप दिया है। उपरोक्त कार्रवाई 22 अक्टूबर को की गई है।
डुग्गीपार पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस हवलदार दीपक खोटेले को दो युवक दुपहिया वाहन से संदिग्ध अवस्था में घुमने की गुप्त जानकारी दी गई। जानकारी पर विश्वास रखते हुए पुलिस हवलदार दीपक खोटेले ने पुलिस निरीक्षक कमलेश सोनटक्के को जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस हवलदार अमित नेवारे, महेंद्र चौधरी, बलिराम वाघाडे तथा पुलिस बल ने जाल बिछाते हुए दुपहिया वाहन को रोका, जिसमें आरोपी रासल शेख गिरफ्तार हुआ। वहीं उसका साथी घटनास्थल से फरार होने में कामयाब हो गया। जब गिरफ्तार आरोपी की तलाशी ली गई तो कपड़े की थैली में सोने-चांदी के अाभूषण, पितल की समई तथा दुपहिया वाहन क्र. एमएच-13/डीजे-5517 पायी गई। जांच पड़ताल में जानकारी दी गई कि उपरोक्त सोने-चांदी के आभूषण तथा दुपहिया वाहन चोरी की बात सामने आयी। इस प्रकार कुल 1 लाख 21 हजार रूपए का माल जप्त किया गया। लेकिन जप्त की गई पितल की समई पर भंडारा जिले के लाखनी क्षेत्र का नाम उल्लेखित होने से संभावना जताई गई कि उपरोक्त आरोपियों ने लाखनी क्षेत्र में चोरी की घटना को अंजाम दिया। जिसके बाद लाखनी पुलिस थाने से संपर्क करने पर बताया गया कि क्षेत्र में चोरी की घटना घटित हुई है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को लाखनी पुलिस थाने के हवाले कर दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि आरोपी से भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर जिले में चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश हो सकता है। उपरोक्त कार्रवाई जिला पुलिस अधिक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधिक्षक अभय डोंगरे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी राजेश तटकरे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक कमलेश सोनटक्के, सहायक पुलिस निरीक्षक रूपाली पवार, रूषिकेश सेजाड, राहुल सोनवने, पुलिस हवलदार दीपक खोटेले, जागेश्वर उईके, अमित नेवारे, महेंद्र चौधरी, बलिराम वाघाडे तथा टीम ने की है।
Post a Comment