सारस एक्सप्रेस। गोरेगांव।गोंदिया
गोंदिया-गोरेगांव-मुंडीपार हाईवे मार्ग पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन की निष्क्रियता को देखते हुए अब ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। एक दिन पूर्व ही इस मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना से सबक लेते हुए और डरे हुए ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए हाईवे के किनारे उगी घनी झाड़ियों की सफाई का जिम्मा उठाते हुए मंगलवार 3 नवंबर को हाईवे की साफ-सफाई कर झाड़ियों की कटाई कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग ने इस हादसे से सबक लेकर सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे के दोनों किनारे उग आयी झाड़ियों की कटाई कर हाईवे को सुरक्षित करें।
बता दें कि गोंदिया-गोरेगांव-मुंडीपार-कोहमारा महामार्ग पर मुंडीपार के पास गडचिरोली पुलिस दल के एक तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाईकिल को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस भीषण हादसे में मोटरसाईकिल पर सवार 54 वर्षिय महिला गीताबाई राऊत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। वहीं मासूम बच्चा और चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद संबंधित महामार्ग निर्माण विभाग ने तो कोई सबक नहीं ली, लेकिन मुंडीपार ग्रामवासियों ने मानवता का परिचय देते हुए हाईवे के दोनों किनारे उग आयी झाड़िया तथा कचरे के ढेर अलग कर सफाई की, ताकि इसके बाद इस तरह के हादसे न हो। लेकिन ग्रामवासियों ने यह भी कहा कि यह काम संबंधित विभाग ने करना चाहिए। लेकिन विभाग ही इस ओर अनदेखी कर हादसों को न्यौता दे रही है। मांग की गई कि नियमित झाड़ियों की कटाई करें, आवश्यक स्थानों पर सूचना फलक तथा ब्रेकर बनाए आदि आवश्यक उपाय योजना करें। इस श्रमदान में मुंडीपार के विवाद मुक्त समिति अध्यक्ष गवेंद्र भगत, नशामुक्ति समिति अध्यक्ष मनोहर राऊत, शराब बंदी समिति अध्यक्ष शंकर वैद्य, सामाजिक कार्यकर्ता चैतलाल चौधरी, अभय गमधरे, गालु राऊत आदि ने सहयोग किया।
-------------------------------------------------
Post a Comment