सारस एक्सप्रेस गोंदिया
गोंदिया और भंडारा जिले में सड़कों व यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, लंबित विकास कार्यों को गति देने के लिए सांसद प्रफुल्ल पटेल ने पहल की है। उन्होंने 16 अक्टूबर को गोंदिया में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा
कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर सांसद राजेंद्र जैन भी उपस्थित थे। बैठक में गोंदिया के बालाघाट टी-पॉइंट पर ऐलिवेटेड रोटरी बनाने का प्रस्ताव तैयार करने, कोहमारा घोटी मार्ग के वन क्षेत्र से बाहर के हिस्सों को फोर लेन बनाने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजने पर चर्चा हुई। वन क्षेत्र से संबंधित कार्यों के लिए वन विभाग की मंजूरी की प्रक्रिया प्राथमिकता से
पूरी करने के निर्देश भी दिए। गोंदिया शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने के लिए बायपास निर्माण की व्यवहार्यता जांच करने पर भी विचार विमर्श हुआ। इसके अलावा जिले में लंबित रेल ओवर ब्रिज के कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए। सांसद पटेल ने भंडारा जिले के भंडारा तथा तुमसर-बपेरा-खापा मार्ग सहित अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा कर अधिकारियों को प्रलंबित कार्यों के निराकरण के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा।
Post a Comment