सारस एक्सप्रेस गोरेगांव (गोंदिया):
गोंदिया जिले के गोरेगांव क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार को हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में कटकर तैयार पड़ी धान की फसलों को इस बेमौसम बरसात से भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों के हाथों में आया निवाला इस प्राकृतिक आपदा के कारण छिनता हुआ नजर आ रहा है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला परिषद के बांधकाम सभापति डॉ. लक्ष्मण भगत ने तुरंत सक्रियता दिखाई। उन्होंने प्रभावित गांवों का दौरा किया और सीधे खेतों में पहुंचकर फसलों के नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भीग चुकी और खराब हो चुकी फसलों को देखकर किसानों को ढांढस बंधाया।
*तत्काल पंचनामे और मुआवजे की मांग*
किसानों की बदहाली को देखते हुए डॉ. लक्ष्मण भगत ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में बिना किसी देरी के तत्काल फसलों के पंचनामे (सर्वेक्षण) शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश से किसान पूरी तरह टूट चुका है, इसलिए सरकार और संबंधित विभाग को कागजी कार्रवाई में वक्त गंवाए बिना तुरंत नुकसान की रिपोर्ट तैयार करनी चाहिए और किसानों को उचित आर्थिक मुआवजा (नुकसान भरपाई) देना चाहिए।
Post a Comment