गोंदिया में धान व बारदाना घोटाला - 15 संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

       सारस एक्सप्रेस। गोंदिया 
गोंदिया में धान व बारदाने में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। गोंदिया तहसील के विविध कार्यकारी सेवा सहकारी संस्था द्वारा धान व बारदाना में भ्रष्टाचार कर 84 लाख 66 हजार 172 रूपए की हेराफेरी की गई है। जांच के दौरान पर्दाफाश होने पर ग्रामीण पुलिस थाने 26 सितंबर की रात को 15 संचालकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई से धान खरीदी केंद्र संचालकों में हलचल मच गई है। इस मामले को देखते हुए जागरूक किसानों ने मांग की है कि इस तरह की जांच अन्य धान खरीदी केंद्रों की भी की जाए तो अनेक मामलों का पर्दाफाश हो सकेगा। 
बता दें कि गोंदिया जिले को धान की नगरी कहा जाता है। लेकिन ऐसे अनेक मामले सामने आये कि धान खरीदी, बोनस तथा बारदाने में करोड़ों रूपयों के घोटाले हुए है। इस तरह के अनेक मामले पुलिस थानों में दर्ज है। इसी तरह का एक मामला गोंदिया तहसील के अदासी में स्थित विविध कार्यकारी सेवा सहकारी संस्था में सामने आया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पणन अधिकारी मनोज वाजपेयी ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई कि विविध कार्यकारी सेवा सहकारी संस्था अदासी द्वारा किसानों से 42 हजार 740 क्विंटल धान खरीदी की गई। लेकिन खरीदे गए धान से 2 हजार 429.89 क्विंटल धान की हेराफेरी कर घोटाला किया गया है। इसी प्रकार पुराना व नया बारदाने में भी हेराफेरी की गई है। यह हेराफेरी जांच के दौरान सामने आयी है। इस प्रकार कुल 84 लाख 66 हजार 172 रूपए की हेराफेरी कर शासन के साथ धोखाधड़ी की है। शिकायत के आधार पर संस्था के 15 संचालकों के खिलाफ ग्रामीण पुलिस थाने में धारा 406, 409, 420, 34 भादंवि के  अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
         इन पर हुए मामले दर्ज 
इस मामले में विविध कार्यकारी सेवा सहकारी संस्था अदासी के अध्यक्ष तिलकचंद जगतराम पटले (45), उपाध्यक्ष संजय सेवकराम शहारे (40) पोवारीटोला, संचालक महादेव रामाजी मेश्राम (38) अदासी, शंकर निलकंठ कुरंजेकर (40) पोवारीटोला, सेवकराम रूपचंद चौधरी (36) पोवारीटोला, अनिल मारोती घोटेले (45) अदासी, श्याम मारोती खोटेले (43) अदासी, जगदीश रामप्रसाद हत्तीमारे (44) अदासी, गंगाराम जयपालकलवार (42) अदासी, रंजु श्रीराम निखाडे (44) अदासी, हिराबाई सुखदेव चौधरी (45) पोवारीटोला, शालिकराम नत्थु पारधी (39) अदासी, संजय चंद्रप्रकाश खंडेलवाल (48) अदासी, नियंत्रक बी.के. बोरकर (46) अदासी व ग्रेडर ओमेश्वर सुखदेव चौधरी पोवारीटोला का समावेश है। 

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post