जादू-टोने के शक में हत्यामुडीपार हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा सारस एक्सप्रेस गोंदिया

        सारस एक्सप्रेस गोंदिया 
गोंदिया। मुंडीपार एमआईडीसी क्षेत्र में 22 सितंबर की रात हुई 58 वर्षीय रविशंकर उदेलाल रहांगडाले की हत्या का स्थानीय अपराध शाखा ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में जितेंद्र कोहळे (45) और कमलेश अशोक नेवारे (19), दोनों निवासी टॉवरटोली, मुंडीपार को हिरासत में लिया है। वहीं दो विधि संघर्ष बालकों की भूमिका भी सामने आने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार, रविशंकर रहांगडाले 22 सितंबर को शाम करीब 7.45 बजे मोटरसाइकिल से मुंडीपार स्थित व्यंकटेश राइस मिल में रात्रि पाली की ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान एमआईडीसी रोड पर चमड़ा फैक्ट्री के सामने अज्ञात हमलावर ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। मामले में गंगाझरी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 470/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

 *जादू-टोने के शक में रची साजिश* 
जांच के दौरान स्थानीय अपराध शाखा को जानकारी मिली कि मृतक द्वारा जादू-टोना किए जाने की चर्चा गांव में थी और कुछ लोगों में उसके प्रति नाराजगी थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कमलेश नेवारे को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में कमलेश ने कथित तौर पर बताया कि उसके परिवार में हुई मौतों और बार-बार खराब हो रही तबीयत के लिए वह मृतक को जिम्मेदार मानता था। इसी तरह अन्य परिवारों में हुई मौत और बीमारी को भी मृतक के कथित जादू-टोने से जोड़कर देखा जा रहा था।

 *हथौड़े और कुल्हाड़ी से हमला* 
पुलिस के अनुसार, इसी शक और रंजिश के चलते कमलेश नेवारे, जितेंद्र कोहळे तथा दो विधि संघर्ष बालकों ने रविशंकर रहांगडाले की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि 22 सितंबर की शाम आरोपी एमआईडीसी रोड पर पत्थर कंपनी के पास घात लगाकर बैठे थे। मृतक के मोटरसाइकिल से वहां से गुजरने पर आरोपियों ने उसका पीछा किया और चमड़ा फैक्ट्री के सामने रास्ता रोक लिया। इसके बाद कथित तौर पर हथौड़े से हमला कर उन्हें मोटरसाइकिल समेत नीचे गिराया गया और कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई।
 *स्थानीय अपराध शाखा की त्वरित कार्रवाई* 
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे, उप विभागीय पुलिस अधिकारी तिरोड़ा गजानन गुल्हाणे और स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में जांच की गई। स्थानीय अपराध शाखा, साइबर सेल और गंगाझरी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गंगाझरी पुलिस के सुपुर्द किया गया है। मामले की जांच जारी है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post